गांव रुदमुली में खराब पड़ी पानी की टंकी
- फोटो : अमर उजाला
यमुना के बीहड़ में बसे बाह के रुदमुली गांव में पानी की टंकी एक साल से खराब पड़ी है। आपूर्ति ठप होने से गांव की 12 हजार की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। लोगों को नलकूप और नदी से पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की पानी की समस्या को देखते हुए प्रधान बबीता देवी, डॉ. वीर बहादुर सिंह, उपेंद्र भदौरिया, हिम्मत सिंह चौहान, विजय कुमार, हरिओम चौहान आदि ने विधायक पक्षालिका सिंह को इससे अवगत कराया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ को पानी की टंकी चालू कराने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने जलनिगम के अभियंता को टंकी को दुरुस्त कराकर गांववालों को पानी की आपूर्ति देने के निर्देश दिए हैं।
पाइप लाइन बिछाने का काम अधूरा, शिकायत
कागारौल के गांव गढ़मुक्खा में बनी पानी की टंकी से पाइप लाइन बिछाने का काम करीब डेढ़ साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इससे लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की गई है।
गांव के रामवीर सिंह सूबेदार, इमामुद्दीन, धर्मेंद्र सिंह, हरेंद्र चाहर, रोशनलाल, प्रदीप शर्मा आदि ने बताया कि 28 दिसंबर 2019 को सांसद राजकुमार चाहर और क्षेत्रीय विधायक महेश कुमार गोयल ने इसका शिलान्यास किया था। टंकी बनने के बाद ठेकेदार ने पाइप लाइन बिछाने का काम अधूरा छोड़ दिया है। इससे गांववालों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं की गई।