रोहता नहर रोड क्रॉसिंग पर भारी मात्रा में कचरा जलाया
आगरा। रोहता नहर रोड क्रॉसिंग पर भारी मात्रा में कचरा जलाया गया। इसके धुएं से प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। सूचना पर पहुंची उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) की टीम ने जांच की। विभाग ने जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को नोटिस देकर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है।
यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि टीटीजेड में कचरा जलाने पर पाबंदी है। 11 और 12 नवंबर को रोहता नहर क्रॉसिंग ग्वालियर रोड पर कचरा जलाए जाने की जानकारी मिली थी। टीम ने निरीक्षण किया तो भारी मात्रा में कचरे समेत अन्य वस्तुओं को जलाए जाने के अवशेष मिले। कचरा सुलगने से धुआं हो रहा था। इसके कारण प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया।
कचरा जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। दरअसल, रोहता में ही यूपीपीसीबी का प्रदूषण मापक स्टेशन भी है। यहां का प्रदूषण स्तर बढ़ने पर टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया था। लोगों से भी कचरा न जलाने की अपील की।