कासगंज। एसीएमओ डॉ.एसके सिंह व डॉ. बेला रानी ने बृहस्पतिवार को पांच क्लीनिकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एक क्लीनिक का वार्ड व एक क्लीनिक की ओपीडी को सील कर दिया गया। जबकि तीन क्लीनिक संचालकों को नोटिस देने की कार्रवाई की गई।
दोनों एसीएमओ सिद्ध विनायक क्लीनिक का निरीक्षण करने पहुंचे। क्लीनिक का पंजीकरण समाप्त हो चुका था, लेकिन ओपीडी का संचालन किया जा रहा था। मौके पर संचालक नहीं मिले। इससे पुन: पंजीकरण की पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बाद ओपीडी को सील कर दिया। इसी तरह सिद्धी विनायक का अल्ट्रासाउंड का पंजीयन है।
क्लीनिक नई जगह संचालित करने के बाद रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया। इसके बाद वार्ड को सील कर दिया गया। काव्या क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन समाप्त हो गया है। पुन: पंजीकरण कराए बिना ही क्लीनिक का संचालन होते मिला, लेकिन डाॅक्टर मौके पर नहीं मिले। पुन: पंजीकरण के लिए आवेदन किए जाने की जानकारी मिली। क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी किया गया।
शांति नर्सिंग होम का पंजीकरण समाप्त हो चुका है। पुन: पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया है, लेकिन निरीक्षण के समय डॉक्टर नहीं मिले। इसके लिए संचालक को नोटिस के साथ चेतावनी दी गई है। विनायक अस्पताल के निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर नोटिस देने की कार्रवाई की गई। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि पांच क्लीनिकों का निरीक्षण टीम ने किया। जांच में अनियमिताएं मिलने पर कार्रवाई की गई है।