मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में गलत टिप्पणी करने पर द ब्रज फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं पत्रकार विनीत नारायण के खिलाफ वृंदावन के संत समाज में आक्रोश है। संतों ने चतु:संप्रदाय के श्री महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज की अध्यक्षता में सोमवार को श्रोतमुनि आश्रम में बैठक कर निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में संत, महंतों और भागवत प्रवक्ताओं ने विनीत का बहिष्कार करने की बात कही है। संतों ने जिला प्रशासन से विनीत नारायण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भागवत प्रवक्ता कृष्ण चंद्र ठाकुर ने कहा कि ऐसी दूषित मानसिकता के व्यक्ति को वृंदावन में प्रवेश ही नहीं देना चाहिए। महामंडलेश्वर नवल गिरी ने कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए कलंक के समान होते हैं। कार्ष्णि नागेंद्र महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री सनातन धर्म की रक्षा मंदिर एवं संस्कृति के संरक्षण में लगे हैं। हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे व्यक्तियों की जांच एजेंसियों द्वारा जांच कराकर इनकी संपत्ति का ब्योरा जनता के सामने रखना चाहिए।
विनीत नारायण ने दी सफाई, आरोप बताए निराधार
वृंदावन के संत समाज द्वारा निंदा प्रस्ताव पारित करने के बाद द ब्रज फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं पत्रकार विनीत नारायण ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म व ब्रज संस्कृति की रक्षा में वह सदा संघर्ष करते रहेंगे। जो संत हैं, वह सत्य का साथ देंगे।