फिरोजाबाद। जिले की रिक्त तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए रविवार को मतदान कराया जाएगा। शनिवार को विकास भवन स्थित सभागार से 13 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जसराना ब्लाक की जसराना देहात, टूंडला की रिजावली एवं फिरोजाबाद ब्लाक क्षेत्र की वाजिदपुर-कुतुकपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होगा।
टूंडला ब्लाक की रजावली ग्राम पंचायत के प्रधान पद की प्रत्याशी सुधारानी, फिरोजाबाद ब्लाक के वाजिदपुर कुतुकपुर ग्राम पंचायत से प्रधान पद के प्रत्याशी भूरी सिंह, जसराना देहात की प्रधान प्रत्याशी विनीता कुमारी की नामांकन के बाद मौत हो गई थी।
इसके कारण चुनाव आयोग ने तीनों ग्राम पंचायतों में चुनाव निरस्त कर दिया था। रविवार नौ मई को इन तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए मतदान होगा। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी।
मतदान के लिए जसराना देहात में सात मतदेय, वाजिदपुर-कुतुकपुर और रिजावली में क्रमश: तीन-तीन मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन कार्मिकों को सुबह दस बजे विकास भवन स्थित सभागार में बुुलाया गया। दोपहर करीब तीन बजे तक सभी पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा कर्मियों की रवानगी भी की गई।
सफाई कर्मियों को बनाना पड़ा मतदान अधिकारी
मतदान अधिकारी-2 के तौर पर नामित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं शनिवार को निर्वाचन ड्यूटी लेने विकास भवन नहीं पहुंचे। कॉल करने पर उनके फोन नंबरों भी बंद मिले।
ऐसे में ग्रामीण सफाई कर्मियों को तैनाती देकर रवाना किया गया। बूथ संख्या 109 पर तैनात शिक्षिका शमसुल कमर के स्थान पर सफाई कर्मी संजय कुमार, रिजावली स्थित एक केंद्र पर राजदीप एवं मुलायम, वाजिदपुर-कुतुकपुर में मुलायम सिंह नामक सफाई कर्मियों को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में मतदान अधिकारी -2 बनाया गया।
एक बूथ पर तैनात होंगे 15 कार्मिक
रिक्त ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए मतदान सम्पन्न कराने को एक बूथ पर 15 निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती गई है। जिनमें एक पीठासीन सहित चार मतदान अधिकारी,एक-एक चतुर्थ श्रेणी के साथ ही सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।
नहीं मिले सैनिटाइजर और पीपीई किट
मतदान ड्यूटी में लगाये कार्मिकों ने मौजूदा अधिकारियों से कोरोना से बचाव के लिए पीपीई किट एवं हैंड सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनर एवं मास्क आदि की मांग की। कर्मचारियों का आरोप था कि मांगने के बाद भी उन्हें कोविड से बचाव को जरूरी सामान नहीं दिया गया।