खेरागढ़। एसआईआर के बाद विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची से करीब 20 हजार महिलाओं के वोट कट जाने से जेंडर रेशियो प्रभावित हुआ है। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएलओ व सुपरवाइजरों को 15 हजार महिला वोटर और नए मतदाता जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को खेरागढ़ तहसील सभागार में बीएलओ और सुपरवाइजरों की बैठक में एसडीएम नरेंद्र गंगवार ने एसआईआर के बाद प्रभावित हुए जेंडर रेशियो, एज कोहोर्ट और ईपी रेशियो की समीक्षा की। एसडीएम ने बीएलओ और सुपरवाइजरों निर्देश दिए कि घर-घर सत्यापन कर पात्र महिलाओं और 18 से 19 वर्ष की आयु के नए मतदाताओं के अलावा करीब 15 हजार महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। उन्होंने बताया निर्वाचन कार्यालय के अनुसार एसआईआर में विधानसभा क्षेत्र में महिला-पुरुषों को मिलाकर करीब 35 हजार मतदाताओं के नाम विलोपित हुए हैं। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण जेंडर रेशियो पर इसका असर पड़ा है। वहीं जनसंख्या के सापेक्ष वोटर अनुपात संख्या भी संतोषजनक नहीं है। संवाद