आगरा में नौ विधानसभा क्षेत्र हैं। जिनमें 36 लाख से अधिक मतदाता हैं। 4 नवंबर से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत उनका सत्यापन कर रहे हैं। मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिसमें उन्हें अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, एपिक नंबर से लेकर 2003 की सूची में पूर्वज का क्रमांक, बूथ नंबर और एपिक नंबर तक भरना है।
11 दिसंबर तक फॉर्म भरने का मौका है। जिले में मंगलवार तक करीब 25 लाख मतदाताओं के फॉर्म भरकर डिजिटलाइज्ड किए जा चुके हैं। करीब 12 लाख से अधिक मतदाताओं के फॉर्म नहीं भरे गए। उनकी रोज समीक्षा हो रही है। बीएलओ को ऐसे मतदाताओं के घर भेजा जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि जरूरी नहीं कि मतदाता गणना फॉर्म में मांगी गई सभी सूचनाएं भरें। जितनी जानकारी उनके पास उपलब्ध हैं वो भर सकते हैं। मतदाता के हस्ताक्षर या अगूंठा फॉर्म पर अनिवार्य है। जो फॉर्म नहीं भरेगा, उनका नाम सूची से कट जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता स्वयं भी निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। वेवसाइट पर 2003 की सूची उपलब्ध है। वहां से नाम देखकर 2003 का विवरण भी भरा जा सकता है।
नौ बीएलओ को डीएम ने किया सम्मानित
एसआईआर में 3,696 बीएलओ के अलावा करीब 2000 अतिरिक्त कर्मचारी लगे हुए हैं। नौ बीएलओ, जिन्होंने समय से पहले अपना काम पूरा किया। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट में उन्हें प्रशस्तिपत्र, स्मृति चिह्न, अंग वत्र व उपहार देकर सम्मानित किया। इनमें एत्मादपुर की बीएलओ आरती सिंह, आगरा छावनी के बीएलओ रूप किशोर रावत, दक्षिण क्षेत्र की बीएलओ प्रिया कुमारी, उत्तर क्षेत्र की बीएलओ गौरी शर्मा, ग्रामीण क्षेत्र की बीएलओ अर्चना ठाकुर, फतेहपुर सीकरी से बीएलओ इंदू, खेरागढ़ के बीएलओ अनंत कुमार अग्रवाल, फतेहाबाद के बीएलओ राजकुमार, बाह के बीएलओ नृपति सिंह को शतप्रतिशत कार्य के लिए डीएम ने सम्मानित किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला, एडीएम प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी आदि मौजूद रहे।