फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने जिले में सबसे अधिक मतदान का रिकार्ड ऐसे ही नहीं बनाया। इसमें महिला मतदाताओं की भागीदारी भी लगभग बराबर की रही है। विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने पुरुषों के लगभग बराबर वोट डाले। जबकि उत्तर विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं सबसे पीछे रहीं।
फतेहाबाद में 70.35 फीसदी मतदान रहा। इसमें 70.43 फीसदी पुरुष और 70.25 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोट डाले। अन्य विधानसभा सीटों के मुकाबले यहां महिलाओं ने सबसे अधिक मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरे नंबर पर फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं रहीं। यहां 66.77 फीसदी महिलाओं ने वोट डाले। जबकि 55.70 फीसदी वोटिंग कर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं सबसे पीछे रहीं।
बता दें कि देहात के अधिकांश बूथों पर सुबह नौ बजे के बाद महिला मतदाताओं की कतारें देखी गईं। सुबह घर का कामकाज करने के बाद घूंघट की ओट में वोट डालने निकलीं। उन्होंने खुद के विवेक से मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकांश महिलाएं परिवार या आसपास की अन्य महिलाओं के साथ वोट डालने निकली थीं।
इनसेट
विधानसभा पुरुष मतदान फीसदी महिला मतदान फीसदी
फतेहाबाद 70.43 70.25
फतेहपुर सीकरी 68.67 66.77
एत्मादपुर 69.46 66.15
खेरागढ़ 64.85 63.70
बाह 57.50 63.03
ग्रामीण 65.47 61.25
दक्षिण 64.71 59.06
छावनी 60.56 57.22
उत्तर 60.28 55.70