ब्लॉक : मतदान
एत्मादपुर : 69 प्रतिशत
खंदौली : 73 प्रतिशत
फतेहाबाद : 63 प्रतिशत
शमसाबाद : 64 प्रतिशत
जिला एवं क्षेत्र पंचायत के प्रथण चरण के मतदान में हिंसा की छिटपुट
घटनाओं के बीच 67.25 फीसदी वोट पड़े। मतदान में 73 फीसदी के साथ खंदौली
ब्लाक सबसे आगे और फतेहाबाद (63) सबसे पीछे रहा। जिला पंचायत के 234 और
क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1834 उम्मीदवारों की किस्मत एक नवंबर तक के लिए
मतपेदियों में कैद हो गई।
रविवार को चार ब्लाक के बीडीसी और जिला पंचायत की 15 सीटों के लिए वोट डाले गए। कड़े सुरक्षा इंतजामों के दावों के बावजूद कई जगह बवाल हुआ। सबसे ज्यादा घटनाएं बरहन क्षेत्र में हुईं। यहां के नगला सुखदेव मतदान स्थल से भीड़ हटा रही पुलिस पर पथराव हुआ तो उसने जवाब में लाठी बरसाकर खदेड़ दिया। पथराव से गांव के प्रियंका, जगदीश और राजवीर को चोटें आईं। यहां आधा घंटा मतदान ठप रहा। जमालनगर भेंस केंद्र पर फर्जी मतदान पर विवाद में दो पक्षों के बीच हवाई फायरिंग हुई। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। नगला चन्द्रभान में जिला पंचायत के दो उम्मीदवारों के एजेंटों के बीच इसी मुद्दे पर हाथापाई हुई। एक पक्ष ने हवा में गोलियां भी चलाईं। नगला नीम में दोपहर बसपा और सपा समर्थितप्रत्याशियों के समर्थकों में हाथापाई हुई। फतेहाबाद के जगराजपुर में बूथ संख्या 169 पर फर्जी वोटिंग के पीछे मारपीट के चलते आधा घंटे तक मतदान बाधित रहा।