छिटपुट हिंसा के बीच रविवार को जिले में तीसरे चरण के चुनाव में 67 फीसदी मतदान हुआ। मतदाताओं ने जिला पंचायत सदस्य के 215 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1995 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटिकाओं में सुरक्षित कर दिया। चुनाव के दौरान कुछ स्थानों पर झड़पें भी हुईं। इनको लेकर पुलिस अधिकारी दिनभर दौड़ते रहे।
मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हो गई। सबसे अधिक मतदान फतेहपुर सीकरी के अछनेरा ब्लॉक में हुआ। वहां 72 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। बरौली अहीर ब्लॉक के रजरई गांव में बसपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थकों और ग्रामीणों के बीच संघर्ष हो गया। जमकर मारपीट और पथराव हुआ। बवाल के दौरान छह लोग घायल हो गए। जानकारी होने पर अधिकारियों के साथ पहुंची कई थानों की फोर्स ने मामला शांत कराया। करीब दो घंटे तक मतदान बंद रहा। इसके अलावा फतेहपुर सीकरी, अछनेरा में पोलिंग पार्टियों के साथ विवाद और प्रत्याशी समर्थकों की बीच झड़पें हुईं। शाम पांच तक चारों ब्लॉक में करीब 67 फीसदी वोटिंग हुई। बरौली अहीर में 63.5 प्रतिशत, बिचपुरी में 63, अछनेरा में 72 और फतेहपुर सीकरी ब्लाक में 71 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
ब्लॉकवार मतदान प्रतिशत
बरौली अहीर में 63.5
बिचपुरी में 63
अछनेरा में 72
फतेहपुर सीकरी में 71