विवेक तिवारी हत्याकांड के बाद पुलिस विभाग में अजीबोगरीब हालात बन चुके हैं। पुलिसकर्मी अनुशासन तोड़ने पर आमादा हैं। वे हत्याकांड में आरोपी सिपाहियों के साथ खड़े हो रहे हैं और अपने-अपने तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
ऐसा ही एक ताजा मामला फिरोजाबाद से आया है। सूत्रों के अनुसार फिरोजाबाद के सिपाहियों ने विवेक हत्याकांड मामले में दो सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध किया है। उनमें कार्रवाई को लेकर आक्रोश है। इस कार्रवाई पर वे अपने-अपने तरीके से विरोध भी दर्ज कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फिरोजाबाद पुलिस लाइन में सिपाहियों ने विरोध के चलते ही सुबह मेस में खाना नहीं खाया। वे विवेक हत्याकांड मामले में दोनों सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई को गलत बता रहे हैं। हालांकि इसका सामने खुलकर विरोध अभी कोई नहीं कर रहा है। इस घटना के बाद पुलिस अधिकारी भी हरकत में आ चुके हैं।
प्रदेशभर से सिपाहियों के विरोध प्रदर्शन की सूचनाएं आ रही हैं। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। कई अन्य तरीकों से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
विवेक तिवारी हत्याकांड में प्रशांत चौधरी और संदीप कुमार दो सिपाही आरोपी हैं। उन पर हत्या का मुकदमा चल रहा है। प्रदेश के सिपाही इस कार्रवाई को गलत बता रहे हैं। पुलिस विभाग में विद्रोह जैसी स्थिति बन रही है। हाल में ही एक एटा के सिपाही ने फेसबुक लाइव पर खुलकर अपनी बात रखी थी।