कनेक्शन काटने पर ग्रामीणों ने धरना दिया
मैनपुरी। बिजली विभाग बकाया बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काट रहा है। विभाग की टीमों ने सिकंदरपुर पतारा के आसपास के 13 गांव में बकायेदारी पर कनेक्शन काटे हैं।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के नेतृत्व में विद्युत उपकेंद्र कुर्रा पर ग्रामीणों ने धरना दिया। धरने में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनमोल शाक्य ने कहा कि बिजली विभाग त्योहार से ठीक पहले बिजली काट कर निरंकुश रवैया अपना रहा है। अपनी असफलताओं की खीज किसानों पर उतार रहा है। बिजली न आने से क्षेत्र के लगभग 10000 बच्चों की शिक्षा बाधित चल रही है। क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां बढ़ गई है। अगर विभाग अपनी मनमानी करेगा तो धरना भी जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष पवन सक्सेना, अतिवल चौहान कार्यकारी जिलाध्यक्ष, चंद्र नारायण सिंह, रामू, लालू, भूपसिंह, विष्णु सिंह मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता रवि प्रताप ने बताया कि बिल जमा नहीं होने पर बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। जिन गांवों में अधिकतर ग्रामीणों के बिल जमा नहीं है। वहां बिजली काटी जा रही है। परेशानी से बचने के लिए ग्रामीण बिल समय से जमा कर दें। बिना बिल जमा किए कनेक्शन नहीं जोड़ा जाएगा।