घिरोर। नगला हरिसिंह में बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान विद्युत विभाग की टीम ने कई लोगों को चोरी करते हुए पकड़ा। उनके केबल आदि उतार लिए, इस बीच एकत्र हुए ग्रामीणों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख कर्मी केबल आदि वहीं पर छोड़ कर भाग निकले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्युत उपकेंद्र शाहजहांपुर पर तैनात जेई सतेंद्र प्रजापति टीम के लाइनमैन राहुल कुमार, अरविंद, सुल्तान आदि के साथ गांव नगला हरिसिंह में बिजली चेकिंग करने के लिए गए थे। गांव के जयपाल, भूरे, ब्रजेश, बंटी, सुधीर, छोटे, सहुरा, रनवीर के साथ गांव के कई अन्य लोग आ गए। जब यह लोग गाली-गलौज हुए टीम के पास पहुंचे तो कर्मी घबरा गए। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में अगर दोबारा चेकिंग करने आए तो हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। धमकी के बाद कर्मियों ने गांव में जाने वाली विद्युत लाइन को काटा और लेकर आने लगे तभी ग्रामीण दोबारा आए और गाली-गलौज करते हुए अभद्रता करना शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख टीम तार को मौके पर ही छोड़ कर गांव से भाग निकली। इस मामले में शाहजहांपुर उपकेंद्र पर तैनात जेई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच व आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाया
कुरावली। विद्युत विभाग के एसडीओ संजीव कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता शुभम मधेशिया, विशंभर सिंह, लाइनमैन कन्हैया ने गांव गंगापुर के अलावा मोहल्ला घनराजपुर, कानूनगोयान में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने 125 विद्युत कनेक्शनों को चेक किया। बिजली चोरी कर रहे 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसडीओ संजीव कुमार ने बताया कि लोगों को निर्वाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए बकाया विद्युत बिल वसूली तथा विद्युत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संवाद