मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव लालपुर सथनी में हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट किए जाने के कार्य का ग्रामीणों ने विरोध किया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष को थाने ले गई समझौता करा दिया। गांव वापस आने के बाद ग्रामीणों ने महिलाओं को आगे कर फिर से काम रोक दिया है।
गांव लालपुर निवासी सत्यवीर के मकान के ऊपर से हाईटेंशन की लाइन गुजर रही है। दो माह पूर्व करंट की चपेट में एक बकरा व पालतू कुत्ते की मौत हो चुकी है। सत्यवीर ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को छत से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन शिफ्ट कराने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। 51 हजार रुपये का खर्च बताया गया था। जिस पर सत्यवीर ने धनराशि जमा कर दी थी। शुक्रवार को विद्युत विभाग के कर्मी वहां आकर लाइन परिवर्तित किए जाने का काम करने लगे। तभी गांव निवासी कुछ लोगों ने आकर विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले जाया गया।
वहां दोनों पक्ष के बीच सहमति बन गई और सभी गांव वापस आ गए। लेकिन विरोध कर रहे लाेगों ने इस बार महिलाओं को आगे करते हुए काम को रुकवा दिया। पीड़ित ने बताया कि जहां खंभा लगाया जा रहा है वह जगह ग्राम समाज की है। कुछ लोग लाइन परिवर्तित नहीं होने दे रहे हैं। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।