फोटो ABCD 3 बिजली के खिलाफ खाली बर्तन लेकर गांव में विरोध करते भाकियू पदाधिकारी व ग्रामीण
फतेहाबाद। ब्लॉक फतेहाबाद की ग्राम पंचायत हिमायूंपुर गूजर के उपग्राम पुराजाटव में पिछले 15 दिन से ट्रांसफार्मर फूंका होने से बिजली आपूर्ति बंद है। जल संकट और भीषण गर्मी से त्रस्त ग्रामीणों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। ग्रामीणों ने हाथों में खाली बर्तन लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
ग्रामीण सुबह 10 बजे हाथ में खाली बर्तन लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ गांव में प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह ने बताया कि हिमायूंपुर गूजर के उपग्राम में पिछले 15 दिन से ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दूर-दराज से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। मच्छरों के कारण लोगों को रात जागकर बितानी पड़ रही है। इस संबंध में एसडीओ फतेहाबाद गौरव राजपूत ने बताया गांव के लोगों ने बिजली बिल जमा नहीं किया गया है। चोरी से बिजली उपयोग करने के कारण अधिक लोड पड़ रहा है। इसी वजह से एक महीने में दो बार ट्रांसफार्मर फूंक चुका है। नया ट्रांसफार्मर जल्द रखवा दिया जाएगा।