आगरा नगर निगम द्वारा 37 साल बाद सीमा विस्तार में नौ गांव को जोड़ने के प्रस्ताव के बाद इन गांवों में हलचल मच गई है। तोरा, कलाल खेड़िया, कहरई, चमरौली, रोहता, नैनाना जाट, बाबरपुर मुस्तकिल, दहतोरा, नगला अलबतिया को नगर निगम में शामिल करने के प्रस्ताव पर कल नगर निगम में विशेष अधिवेशन में चर्चा होनी है।
उससे पहले दहतोरा के लोगों ने सीमा विस्तार का विरोध कर नगर निगम का पुतला फूंका। ग्रामीण विकास संघर्ष समिति के सदस्यों ने शनिवार को दहतोरा में बैठक की, जिसके बाद लोगों के साथ शास्त्रीपुरम् मोड़ तक जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए नगर निगम का पुतला फूंका।
समिति संयोजक डा. सुनील राजपूत ने कहा कि ग्रामीणों की राय के बिना गांव को निगम सीमा में शामिल करना गलत है। समिति मेयर और नगर आयुक्त के सामने अपना विरोध जताएगी। नगर निगम का घेराव करने के लिए गाय-भैंसों के साथ जाएंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे।