मैनपुरी। विकास खंड की ग्राम पंचायत नगला गढ़ू के मजरा कमलपुर के ग्रामीणों ने कोरोना का टीका लगवाने से इनकार कर दिया। बृहस्पतिवार को खंड शिक्षाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में घर-घर भ्रमण किया। अधिकारियों के समझाने के बाद गांव के लोग टीकाकरण कराने का तैयार हुए।
गांव कमलपुर में जनवरी में पांच बार टीम भेजी गई, लेकिन ग्रामीण टीकाकरण कराने को तैयार नहीं थे। चिकित्साधीक्षक कुचेला डॉॅ. पपेंद्र सिंह ने खंड शिक्षाधिकारी मैनपुरी सुमित कुमार को जानकारी दी। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने टीकाकरण कराने से मना कर दिया। इस पर खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार वर्मा शिक्षक- शिक्षिकाओं के साथ गांव पहुंचे।
यहां उन्होंने बात की तो ग्रामीणों ने बताया कि उनके यहां एक वृद्धा की टीक लगवाने के बाद मौत हो गई थी। खंड शिक्षाधिकारी ने वृद्धा की मौत की पूरी जानकारी ली तो पता चला कि वृद्धा की मौत दुर्घटना में हुई थी। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुला लिया। खंड शिक्षाधिकारी ने ग्राम प्रधान डॉ. दिनेश यादव को भी मौके पर बुला लिया। समझाने के बाद ग्रामीण टीकाकरण कराने को राजी हो गए। करीब तीन घंटे तक खंड शिक्षाधिकारी ने घर-घर जाकर 50 लोगों को टीकाकरण कराया। इस अवसर पर रीजनल कोर्डीनेटर अरविंद शर्मा, संजीव पांडेय, डॉ. वीपी सिंह, मुकेश कुमार, एएनएम सुनीता यादव, आशा ममता देवी, आंगनबाड़ी ममता आदि मौजूद रहे।
नौ हजार लोगों का कराया गया टीकाकरण
बृहस्पतिवार को जिले के 205 स्थानों पर टीकाकरण किया गया। इस दौरान नौ हजार लोगों का टीकाकरण हुआ। इनमें चार हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल थे। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने जिले के लोगों से अपील की है कि वह टीकाकरण कराएं और अपना जीवन सुरक्षित बनाएं।