- जानबूझकर गांव के ही कुछ लोगों ने पानी की निकासी को रोका, पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर सीकरी। ग्राम दाउदपुर निवासी ग्रामीणों ने जल निकासी समस्या समाधान में कुछ लोगों द्वारा बाधा करने पर शिकायत पत्र पुलिस को दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात के दिनों में मुख्य रास्तों, खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग जानबूझकर पानी की निकासी रोक रहे हैं, जिससे खेतों में खड़ी फसल और गांव की सड़कें प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार समझाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जलभराव की वजह से आवागमन बाधित हो रहा है तथा ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में कठिनाई हो रही है। इस संबंध में पीड़ित ग्रामीणों ने थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थाना पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।