टूंडला। बारिश के पानी को रोकने के लिए बनाए जा रहे चेकडैम में विभाग द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर गांव मेहरी के लोगों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने चेकडैम में खामियों का विरोध किया और प्रदेश सरकार सहित उच्चाधिकारियों से चेकडैम की खामियों को दुरुस्त कराने की मांग की।
सिंचाई विभाग द्वारा टूंडला विकास खंड के ग्राम पंचायत लतुर्रा के गांव मेहरी में बारिश के पानी को रोकने के लिए चेकडैम बनाया जा रहा है। इन दिनों चेकडैम बनाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। रविवार को चेकडैम पर कमर्चारी कार्य कर रहे थे। तभी गांव के लोग चेकडैम निर्माण में बरती जा रहीं अनियमितताओं के विरोध में मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने कर्मचारियों से डैम निर्माण के लेआउट के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि चेकडैम का निर्माण डेढ़ मीटर ऊंचा किया जा रहा है, जोकि किसी काम का नहीं है। इस बात को लेकर ग्रामीणों ने चेकडैम का विरोध किया। चेकडैम निर्माण में कार्यरत ठेकेदार और कर्मचारियों का कहना है कि चेकडैम के निर्माण का लेआउट जेई प्रवीण कुमार ने दिया है।
इसके अनुसार कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और उच्चाधिकारियों से चेकडैम के निर्माण में बरती जा रही खामियों में सुधार कराने की मांग की। मांग करने वालों में त्रिलोकीनाथ प्रधान, दयाशंकर, सुदर्शन, गोविंद, श्रीनिवास, सुभाष, पूरन सिंह, भूरा, रामचंद्र एवं ईश्वर आदि प्रमुख हैं।
डेढ़ मीटर चेकडैम का नहीं कोई लाभ
टूंडला। ग्रामीणों ने कहा कि चेकडैम की ऊंचाई डेढ़ मीटर रखी गई है। ऐसे में बारिश में मिट्टी के आने के कारण चेकडैम बेकार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस चेकडैम की ऊंचाई लगभग तीन मीटर होनी चाहिए।
ड्रॉइंग के हिसाब से काम किया जा रहा है। इसकी ऊंचाई तीन मीटर नहीं की जा सकती है। इसमें कोई फेरबदल नहीं किया जा सकता है। कार्य मानक अनुसार कराया जा रहा है।
प्रवीण कुमार
अवर अभियंता, सिंचाई विभाग फिरोजाबाद