मैनपुरी। भोगांव थाना क्षेत्र के गांव मेरापुर छदामी में कोरोना संक्रमित महिला की मौत की सूचना पर जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्रामीणों ने लौटा दिया। ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।
गांव मेरापुर छदामी निवासी 68 वर्षीय रामकली देवी की कोरोना संक्रमित होने के कारण कोविड लेवल टू अस्पताल में रविवार की रात मौत हो गई थी। सोमवार को गांव के किसी व्यक्ति ने सीएमओ को फोन कर जानकारी दी कि गांव में महिला की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है, टीम भेजकर जांच कराई जाए और गांव को सैनिटाइज कराया जाए।
सीएमओ के निर्देश पर सीएचसी मानपुरहरी में तैनात डॉ. एलआर सिंह, एलटी सुनील शर्मा और चालक कुलदीप के साथ गांव पहुंचे। यहां जैसे ही उन्होंने महिला के परिजनों की जांच के लिए किट निकाली। आरोप है वैसे ही गांव के आधा सैकड़ा लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए और जांच कर रहे एलटी पर झपट पड़े।
एलटी पर हमला होता देख डॉ.एलआर सिंह सामने आ गए और उन्होंने ग्रामीणों को पीछे हटने के लिए ललकारते हुए वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनता देख ग्रामीण पीछे हट गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि वे बिना ग्रामीणों की सहमति के किसी की जांच नहीं करेंगे। ग्रामीण उनकी बात को मानने को तैयार नहीं हुए और उन्हें गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए लौटा दिया। जैसे तैसे वे एलटी और चालक के साथ गांव से वापस लौट आए।
एलटी के साथ गांव गया था। वहां ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर हमलावर हो गए। किसी प्रकार से जान बचाकर लौट आया। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
डॉ.एलआर सिंह चिकित्सक
मामले की जानकारी डॉ. एलआर सिंह ने दी थी। इस पर भोगांव पुलिस को सूचना दे दी गई है। इस संबंध में पुलिस कप्तान से मुलाकात की जाएगी। इस प्रकार स्वास्थ्य विभाग कैसे काम कर पाएगा।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ