किरावली। बिचपुरी ब्लॉक के गांव बिलासगंज में सड़क और नाली नहीं बनने से आक्रोशित ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। सोमवार को समझाने पहुंचे लेखपाल का ग्रामीणों ने घेराव किया। लेखपाल ने फोन पर तहसीलदार से ग्रामीणों की बात कराई। तहसीलदार ने बताया कि वे सड़क और नाली निर्माण के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेज रहे हैं।
बिलासगंज गांव निवासी व भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री मोहन सिंह चाहर ने बताया कि नाली और सड़क नहीं बनेगी तो ग्रामीण चुनाव बहिष्कार को मजबूर हैं। किसान नेता ने बताया कि चार माह पूर्व विधायक ने सड़क और नाली निर्माण का उद्घाटन किया था, लेकिन ठेकेदार गिट्टी डालकर काम बंद कर दिया। इससे आवागमन की समस्या लोगों को झेलनी पड़ रही है।
इस मौके पर जंडेल सिंह परिहार, लाखन सिंह चाहर, कमल सिंह, लोकेंद्र चाहर, बनै सिंह, पन्नलाल सक्सेना, सूरजभान चाहर, सतीश चाहर, रामवीर सिंह, दिगंबर चाहर, विनोद कुमार लोधी आदि मौजूद रहे।