अछनेरा। गांव मलिकपुर के पास हाल ही में खुले देशी शराब के ठेके पर गांववालों ने गुस्सा जताया है। ठेका निरस्त करने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि जल्द कार्रवाई न होने पर ठेके के बाहर वे धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
किरावली तहसील क्षेत्र के गांव मलिकपुर, जाजऊ, नगला कोरई और नगला उमराव के ग्रामीणों का आरोप है कि ठेका निर्धारित स्थान के बजाय जाजऊ मार्ग पर कृषि भूमि में खोला गया है, जो नियमों के विपरीत है। इसके आसपास धार्मिक स्थल और चार गांवों का प्रमुख आवागमन मार्ग होने से महिलाओं, बच्चों और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि विरोध के दौरान ठेकेदार ने सात दिन में ठेका अन्यत्र स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन संचालन शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से ठेका तत्काल बंद कराने या धरने की अनुमति व सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।