आगरा जिले की ग्राम पंचायतों में प्रधान स्वच्छता की मुहिम को धार देने में लगे हैं, लेकिन बमरौली कटारा की ग्राम प्रधान कल्पना सोलंकी ने अपने गांव के साथ ही आसपास के गांवों में भी स्वच्छता की अलख जगा रही हैं। उन्होंने अपने प्रयासों से ग्राम पंचायत में 780 से ज्यादा शौचालय बनवा दिए हैं। महिला दिवस पर उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित भी कर चुके हैं।
बमरौली कटारा की ग्राम प्रधान कल्पना सोलंकी की जब शादी की बात तय हुई, तब उन्हें पता चला कि ससुराल में शौचालय नहीं है। इस पर उन्होंने शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद ससुराल में शौचालय बनवाया गया था। वो ब्याह कर गांव आईं तो गांव में भी ज्यादातर लोग खुले में शौच जाते थे, उन्हें यह देखकर बड़ा अफसोस होता था।
उन्होंने इस अभिशाप से मुक्ति दिलाने की ठानी। वर्ष 2015 में प्रधानी का चुनाव जीतकर उन्होंने समाजसेवा की राह पकड़ी। इसके बाद से ही वो स्वच्छता अभियान की हिस्सा बन गईं। लोगों को प्रोत्साहित करना, उनके घरों में शौचालय बनवाने के लिए सरकारी मदद दिलाने के लिए काम करती रहीं। अभी तक वो ग्राम पंचायत में 780 से ज्यादा शौचालय बनवा चुकी हैं।
उनका कहना है कि इस कार्य में पंचायतीराज विभाग का पूरा सहयोग रहता है, उनके योगदान के लिए 'टॉयलेट एक प्रेमकथा' की नायिका भूमि पेडनेकर ने उन्हें दिल्ली में बुलाकर सम्मानित किया। महिला दिवस पर उन्हें मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने भी सम्मानित किया है। अब कल्पना आसपास के गांवों में भी स्वच्छता की मुहिम को बढ़ावा देने का काम कर रही हैं।