डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में दूसरे राज्यों से जांच टीमों के आने का सिलसिला जारी है। पहले देहरादून से आई सीबीआई टीम ने यहां कई दिनों तक डेरा डाले रखा और अब हरियाणा से विजिलेंस टीम जांच करने के लिए पहुंची है।
दरअसल, एमए सहित अन्य पाठ्यक्रमों की डिग्री लगाकर हरियाणा में 27 लोगों ने नौकरी पाई है। इनकी जांच विजिलेंस को सौंपी गई है। गुरुवार को विजिलेंस टीम विश्वविद्यालय पहुंची और 27 लोगों के रिकॉर्ड मांगे। इनमें 23 के ही रिकार्ड मिल पाए।
चार लोगों के रिकॉर्ड नहीं उपलब्ध कराए जा सके। इसके लिए टीम दोबारा आएगी। सूत्रों के मुताबिक सभी डिग्री वर्ष 1981 से लेकर वर्ष 1996 के बीच की हैं। उस समय का अधिकतर स्टाफ सेवानिवृत्त हो चुका है। इससे रिकॉर्ड ढूढ़ने में काफी वक्त लगा।
इससे पहले उत्तराखंड से सीबीआई टीम यहां आई थी। यह मामला भी फर्जी दस्तावेज से जुड़़ा हुआ है। मार्च और अप्रैल में सीबीआई टीम ने विश्वविद्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारियों से पूछताछ की। इसकी भी जांच अभी चल रही है।