सफेद शर्ट में रिश्वत लेने का आरोपी टीचर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा विजिलेंस टीम ने विकास खंड मांट के गांव नगला नत्था के प्राइमरी शिक्षक को बीटीसी प्रशिक्षु से टीचिंग ट्रेनिंग के नाम पर 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेने वाले शिक्षक के खिलाफ थाना मांट में मुकदमा दर्ज कराया है।
शनिवार को आगरा की विजिलेंस टीम को प्रशिक्षु बीटीसी सुनील कुमार पुत्र हरिशंकर निवासी नगला नत्था ने शिकायत दर्ज कराई कि विकास खंड मांट के नगला नत्था स्थित परिषदीय विद्यालय में शिक्षक नवीन अग्रवाल निवासी ज्योति नगर मथुरा टीचिंग ट्रेनिंग के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। 10 हजार रुपये तीन दिन पहले दे दिए थे।
शेष धनराशि और देनी है। इस शिकायत पर शनिवार को विजिलेंस टीम ने स्कूल में छापा मारकर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए नवीन अग्रवाल को रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस सीओ कृष्ण मुरारी ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ थाना मांट में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिक्षक को फंसाया गया
शिक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के मामले में परिजनों ने झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। शिक्षक संगठन भी विजिलेंस और शिकायतकर्ता पर सवाल उठा रहे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाएं हो रही हैं। शिकायकर्ता और आरोपी शिक्षक के बीच वार्तालाप का वीडियो भी वायरल हो रहा है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने इसे राजनीति और षड्यंत्र का हिस्सा बताया है।