कासगंज। शहर की होनहार छात्रा विदुषी द्विवेदी को राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ के दीक्षांत समारोह में बुधवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। विदुषी श्रीमती शारदा जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय की एमए संस्कृत की छात्रा है। उन्होंने मेडल मेडल हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। विदुषी के पिता हृदेश कुमार द्विवेदी श्री सूर्य प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय के शिक्षक हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के लिए समर्पित किया है, जिसका प्रभाव विदुषी के जीवन पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि विदुषी बचपन से ही अत्यंत अनुशासन प्रिय रही हैं। शिक्षा के प्रति उनका पूर्ण समर्पण रहा है।
विदुषी ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में भी कासगंज जिले में टॉप किया था। विदुषी द्विवेदी ने आईएएस अफसर बनकर समाज की सेवा करने का संकल्प लिया है। विदुषी ने अपने स्वर्ण पदक का श्रेय अपने महाविद्यालय की प्रबंधक मीना माहेश्वरी, प्राचार्या रानू शर्मा, महाविद्यालय की शिक्षिकाओं और माता-पिता को दिया। उनकी इस सफलता पर महाविद्यालय की प्राचार्य, शिक्षिकाओं और परिजनों में खुशी की लहर है।