आगरा रेल मंडल में आगरा फोर्ट और राजा की मंडी रेलवे स्टेशन वीडियो निगरानी प्रणाली (वीएसएस) से लैस होंगे। यह परियोजना निर्भया कोष से शुरू की जा रही है। यह कार्य जनवरी 2023 तक पूरा किया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी घोषणा की है।
योजना में रेल टेल को रेलवे स्टेशनों पर वीडियो सर्विलांस सिस्टम (वीएसएस) (सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क) की स्थापना का कार्य सौंपा गया है। देशभर के 756 स्टेशनों पर यह सिस्टम लगाए जाएंगे। इनमें ए-1, बी व सी श्रेणी के स्टेशन शामिल हैं। आगरा में फोर्ट, राजा की मंडी व टूंडला रेलवे स्टेशन को चुना गया है। आगरा कैंट स्टेशन पर अत्याधुनिक सिस्टम पहले से लगा हुआ है।
इस तरह काम करेगा वीएसएस सिस्टम
वीएसएस सिस्टम आईपी बेस्ड होगा। इसमें सीसीटीवी कैमरों का एक नेटवर्क होगा। इस सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इनेबल वीडियो एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर और फेसियल रिकॉगनिशन सॉफ्टवेयर काम करता है, जिससे जाने-पहचाने अपराधियों का स्टेशन परिसरों में आने पर, उनका पता लगाने तथा उसका अलर्ट जारी करने में मदद मिलेगी।