आगरा के अछनेरा स्थित एक मंदिर परिसर का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ साधु-संत कथित रूप से मांस पकाते दिखाई दिए। इस वीडियो को देखते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आगरा के अछनेरा में बृहस्पतिवार को फेसबुक पर तेजी से वायरल हुए वीडियो ने सनसनी फैला दी। वायरल किए गए वीडियो में एक मंदिर परिसर में कुछ साधु-संत कथित रूप से मांस पकाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दो बार मंदिर परिसर पहुंची, लेकिन वह पकड़े नहीं जा सके।
विज्ञापन
वायरल वीडियो अछनेरा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने लाल वाले कुएं के पास बने मंदिर का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वीडियो दो-तीन दिन पहले रायभा निवासी कमल सिंह ने अपने साथी वीरेंद्र के साथ मिलकर बनाया। बृहस्पतिवार को कमल सिंह ने अपने फेसबुक एकाउंट से वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
उनका कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस संबंध में अछनेरा थाना प्रभारी ने बताया वीडियो में दिखाई दे रहे मंदिर परिसर में कथित रूप से मांस पकाने वाले नागा बाबा बताए गए हैं। उन्हें पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार को दो बार पुलिस मंदिर परिसर पहुंची, लेकिन वह पकड़े नहीं जा सके। जल्द ही आरोपी नागा बाबाओं को पकड़ कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।