एक हजार में हवलदार,10 हजार में इंस्पेक्टर और 1 लाख में थाना खरीदने वाला सौदागर हूं मैं...फिल्मी डायलॉग के साथ कथित सपा नेता ने इंस्टाग्राम पर कारों के काफिलों के साथ आपत्तिजनक रील बनाकर पोस्ट कर दी। वायरल होने पर मामला चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद थाना जगदीशपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उसके लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए आरटीओ को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के एंथम काॅलोनी का निवासी दामा यादव खुद को सपा नेता बताता है। मंगलवार को इंस्टाग्राम पर उसकी ओर से बनाई गई रील के वीडियो वायरल हो गए। वीडियो में वह सपा का झंडा लगी बिना नंबर की कार में अन्य कारों के काफिले के साथ जा रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड में जो डर गया समझो मर गया,1 हजार में हवलदार,10 हजार में इंस्पेक्टर और 1 लाख में थाना खरीदने वाला सौदागर हूं मैं जैसे आपत्तिजनक बातों के ऑडियो थे। कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। लोग वीडियो पोस्ट कर सपाइयों की गुंडागर्दी समेत तमाम तरह के कमेंट करने लगे। वीडियो का संज्ञान पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने लिया और एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार को कार्रवाई के निर्देश दिए।