कासगंज के विकास भवन में बैंकर्स की बैठक करते सीडीओ
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव एसपी गोयल ने अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। उन्होंने जिले के अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैन बसेरा और परिवहन विभाग के ऑनलाइन आवेदन के निस्तारण पर जोर दिया।
प्रमुख सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में डीएम सीपी सिंह, एडीएम अजय श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों से कहा कि सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। यात्रियों और बेसहाराओं के लिए रेन बसेरों का इंतजाम समय रहते प्राथमिकता के साथ कर लें। इसके अलावा परिवहन विभाग में डॉक्यूमेंट अपलोड और स्लॉट एपाइंटमेंट की व्यवस्था ऑनलाइन लागू की है।
इसमें वाहन स्वामी अपने वाहन संबंधी कार्य अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरकर कर सकेंगे। सभी आवश्यक प्रपत्र स्कैन कर फीस जमा करनी होगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे वाहन स्वामियों को जागरूक करें कि घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किस तरह किए जाएंगे।
एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मिले निर्देशों के क्रम में वाहन स्वामी वाहन का स्वामित्व स्थानांतरण, वाहन के पंजीयन का नवीनीकरण, हाईपोथीकेशन का पृष्ठाकंन, हाईपोथीकेशन का निरस्तीकरण, वाहन के प्रति अनापत्ति प्रमाण पत्र, पंजीयन पुस्तिका पता परिवर्तन और द्वितीय प्रति उपलब्ध कराने के काम प्राथमिकता से कराए जाएंगे। वाहन स्वामी घर बैठे ही यह काम करा सकते हैं।