फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिरासत में मौत का मामला, मृतक की मां ने मथुरा के एक विधायक पर लगाया गंभीर आरोप

Mon, 26 Nov 2018 12:00 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
मृतक की मां रेनू लता गुप्ता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सिकंदरा थाना पुलिस की हिरासत में पीट-पीटकर मारे गए राजू गुप्ता की मां रेनू लता ने मथुरा के एक विधायक पर गंभीर आरोप लगाया है। उका कहना है कि नामजद हत्या आरोपी अंशुल कुमार सिंह का एक रिश्तेदार मथुरा जनपद में विधायक है। 
विज्ञापन


आरोप है कि विधायक अंशुल और उसके नामजद बेटे को कार्रवाई से बचा रहा है। पुलिस अधिकारी भी उसके प्रभाव हैं। हत्यारोपी समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं और पुलिस है कि कार्रवाई का नाम ही नहीं ले रही है।

रेनू लता को सांत्वना देने के लिए रविवार को मेयर नवीन जैन, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमंत गुप्ता अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे थे। नवीन जैन ने मृतक राजू गुप्ता की मां से जानकारी लेने के बाद एसएसपी अमित पाठक से फोन पर वार्ता की और मृतक की मां से दोषी पुलिसकर्मियों की शिनाख्त कराकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

समझौते का बना रहे दबाव

रेनूलता ने बताया कि आरोपी अंशुल, विवेक और उनके रिश्तेदार इस मामले में समझौता बनाने के लिए दबाव बना रहे हैं। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमंत गुप्ता का कहना था कि जिस पर लोगों की रक्षा की जिम्मेदारी है, वो पुलिस अब भक्षक बन गई है। राजू गुप्ता को इंसाफ दिलाने और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए हर स्तर तक लड़ाई लड़ी जाएगी। 

अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल का कहना था कि मृतक राजू के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी साफ है कि उसे बुरी तरह से पीटा गया था। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले। प्रतिनिधि मंडल में संजय अग्रवाल,कृष्ण कुमार गोयल, शैलू अग्रवाल,जितेंद्र अग्रवाल, वीरेंद्र गुप्ता, दया गुप्ता शैलेन्द्र गुप्ता डॉ. राकेश गुप्ता मौजूद रहे।

पुलिसकर्मियों की शिनाख्त कराइए

राजू गुप्ता की मां रेनूलता का कहना है कि वो बेटे के हत्यारे पुलिसकर्मियों को पहचानती हैं। एक बार थाना का स्टाफ उनके सामने लाया जाए, वो बता देंगी किस किसने राजू को पीटा था। रेनू लता का कहना है कि उन्हें भी थाना ले जाया गया था। उनके सामने भी राजू को पीटा गया था। अब कुछ लोग कह रहे हैं कि पैसा ले लो, चुप बैठ जाओ, लेकिन मैं चुप नहीं रहूंगी, दोषी पुलिसकर्मियों को जेल भिजवाकर ही रहूंगी।
विज्ञापन

मेयर ने कहा, सीएम से करेंगे शिकायत

महापौर नवीन जैन का कहना था कि आगरा पुलिस का एक घिनौना चेहरा सामने आया है। बेकुसूर युवक को चोरी के आरोप में बेरहमी से पीट कर उसकी जान ले ली गई और मां से उसका इकलौता सहारा छीन लिया गया। उसके पास चोरी का एक रुपया तक नहीं मिला। इस मामले की शिकायत वह खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करेंगे और मृतक राजू गुप्ता को इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगे।

इंस्पेक्टर लोहामंडी को सुनाई खरीखोटी

मृतक के चाचा ने बताया कि मुकदमे की जांच बिना बताए लोहामंडी इंस्पेक्टर को दे दी गई है। जबकि उन्होंने ही परिजनों से जबरन पंचायतनामा पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। उस पर लिखा था कि राजू के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। जब पता चला कि जांच भी उन्हीं पर है तो विरोध जताया। रविवार शाम को इंस्पेक्टर पूछताछ के लिए आए थे। परिजनों ने इंस्पेक्टर को खरीखोटी सुनाई। इस पर इंस्पेक्टर वापस चले गए। परिजनों ने एसएसपी से शिकायत की।

कांग्रेस नेता भी परिजनों से मिलने पहुंचे

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने भी परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि मजिस्ट्रेटी जांच की बात कही गई थी, लेकिन वह अब तक नहीं कराई गई। एसपी सिटी की जगह इंस्पेक्टर लोहामंडी को जांच दी गई। इस पर विरोध जाहिर किया। प्रतिनिधिमंडल में शबाना खंडेलवाल, धर्मेंद्र कुमार शर्मा, प्रोफेसर मोहम्मद अरशद, आनंद राय, जितेंद्र अग्रवाल, अमित सिंह, अपूर्व शर्मा आदि मौजूद रहे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें