आगरा जिले के बाह क्षेत्र के पुरा भदौरिया गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट और पथराव की घटना में एफआईआर नहीं लिखी गई। इस पर पीड़ित व्यक्ति ने घर बेचकर गांव छोड़ने की धमकी दी है। उसने गुरुवार को 'मकान बिकाऊ है' का पर्चा भी चस्पा कर दिया है।
गांव के टीकाराम (70) के मुताबिक सात जून को गांव के एक परिवार ने उसके खेत को अपना बताकर ट्रैक्टर से जोतवा रहा था। विरोध करने पर उनको और नाती कन्हैया को पीटा। अगले दिन घर पर पथराव किया।
आरोपी दे रहे हैं धमकी
पीड़ित ने नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर थाने में दी थी। आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इधर, आरोपी पक्ष पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। टीकाराम ने परिवार के साथ गांव छोड़ने की धमकी दी है।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर टीकाराम, उनकी बहू गुड्डी, नातिन विद्या का बिलखते हुए वीडियो भी वायरल हुआ। मामले में एसओ खेड़ा राठौर प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। वह मौके पर जाकर पड़ताल करेंगे।