मैनपुरी जिले में बच्चों की बीमारी के आगे बेबस माता-पिता ने इच्छामृत्यु की मांगी है। बच्चों के इलाज में सारी जमापूंजी खत्म हो गई। लोगों की मदद भी नाकाफी साबित हुई। शासन से भी गुहार लगाई, लेकिन इलाज में मदद की कोई आस न देख लाचार माता-पिता ने इच्छामृत्यु दिए जाने की गुहार लगाई है।
किशनी क्षेत्र के गांव कत्तरा निवासी शिववीर सिंह के तीन बच्चे करिश्मा (8), दिव्यांशु (6), राधा (2) हैं। तीनों बच्चे थैलेसीमिया से पीड़ित हैं। इनमें करिश्मा और दिव्यांशु की हालत गंभीर है। हर महीने दोनों का खून बदला जाता है, जिसमें 10 से ज्यादा का खर्च आता है। वहीं छोटी बेटी राधा भी बीमार रहती है।
पिता शिववीर के मुताबिक बीमार बच्चों के इलाज में सारी जमापूंजी खर्च हो गई है। जमीन तक गिरवी रखनी पड़ी है। सैफई, आगरा और दिल्ली तक इलाज करवा चुके हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा है। डॉक्टरों ने थैलेसीमिया का स्थायी इलाज ऑपरेशन बताया है। इसमें एक बच्चे का खर्चा करीब 22 लाख रुपये आएगा।