कबड्डी खिलाड़ी के भाई को पेड़ से बांधकर पीटते आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना ताजगंज के गांव में छेड़छाड़ के विरोध पर महिला कबड्डी खिलाड़ी से मारपीट के मामले में नामजद चार आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। वहीं पीड़ित परिवार दहशत में है। वह घर में कैद हो गए हैं। परिजनों ने सुरक्षा की मांग की है। उधर, पुलिस ने शनिवार को पीड़ित खिलाड़ी के कोर्ट में बयान दर्ज कराए हैं।
ताजगंज क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की सुबह महिला कबड्डी खिलाड़ी से छेड़छाड़ के विरोध पर मारपीट की गई थी। बचाने आए भाई को पेड़ से बांधकर पीटा था। परिवार के अन्य लोगों की डंडे से पिटाई लगाई थी। घटना के वीडियो सामने आए थे।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है मुकदमा
मामले में पीड़ित कबड्डी खिलाड़ी ने गांव के दुर्गेश, छोटू, डोरीलाल, ओमी, शिव सिंह, रतन देवी और डोरीलाल की पुत्रवधू के खिलाफ थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दुर्गेश, छोटू और डोरीलाल को गिरफ्तार किया था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी।