साहब, नौ साल पहले पिता की मृत्यु हो गई। मेरी मां को पेंशन मिलती है। नाती की शादी के बहाने दोनों बड़े भाई वर्ष 2021 में मां को मेरे घर से बुलाकर ले गए थे। पेंशन के लालच में मां को छिपाकर रखते हैं और मिलने भी नहीं देते। ये आरोप शनिवार को अंगूठी गांव निवासी सुरेश ने लगाए। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम से गुहार लगाई कि मुझे मेरी मां से मिलने दिया जाए।
सुरेश ने बताया कि मां की उम्र 85 वर्ष है। उन्हें आशंका है कि संपत्ति के लालच में मां के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। एसडीएम ने थानाध्यक्ष जगदीशपुरा को निर्देश दिए हैं कि दोनों पक्षों को बुलाकर समस्या का समाधान कराया जाए। सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में 180 फरियादी पहुंचे। 29 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। जबकि 149 शिकायतों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सात दिन की मोहलत दी गई है। एसडीएम सचिन राजपूत ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पानी और स्कूल में प्रवेश की भी शिकायत
फ्रेंडस कॉलोनी स्थित एमएमआईजी क्वार्टर में रहने वाले आरसी गोयल, राजेश शर्मा, एसके शर्मा सहित एक दर्जन लोगों ने बताया कि एक साल से पानी की सप्लाई ठप है। गर्मी में पानी की बूंद-बूंद का संकट है। जलकल और नगर निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं करते। राम नगर निवासी शैलेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत बेटी को निजी स्कूल आवंटित हुआ है। स्कूल संचालक प्रवेश नहीं दे रहे। दो महीने से बेटी के लिए चक्कर काट रहा हूं। अकोला निवासी शिवराम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे एक साल से सम्मान निधि नहीं मिल रही। इसके अलावा नाली, चकरोड, गूल व सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों की सर्वाधिक शिकायत दर्ज की गई हैं।
फरियादियों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
समाधान दिवस में शिकायतों का मौके पर निस्तारण होने से फरियादियों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। बिचपुरी निवासी सुजान सिंह का खतौनी में अंश संशोधन हुआ। वजेहरा निवासी विष्णु तौमर ने गाटा में अंश निर्धारण कराया। राजवीर सिंह का कुर्रा दाखिल हुआ। पथौली निवासी मुकुल का ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र जारी हुआ। देवरी निवासी यशपाल की फार्मर रजिस्ट्री हो गई।
शिकायत मीटर
- राजस्व विभाग: 85
- पुलिस विभाग: 28
- विकास विभाग: 18
- नगर निगम: 12
- विकास प्राधिकरण: 08
- जलकल विभाग: 08
- शिक्षा विभाग: 06
- अन्य विभाग: 15