पुलिस भर्ती के चयनित 51 महिला अभ्यर्थियों का हुआ शारीरिक मानक परीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 के 51 महिला अभ्यर्थियों की शुक्रवार को शारीरिक मानक परीक्षण हुआ। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अभिलेखों के सत्यापन कार्य की प्रक्रिया देखी। कहा कि मानकों के अनुरूप ही सत्यापन कार्य हो रहा है। इस दौरान नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक नगर राहुल मिठास भी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में चयनित 51 महिला अभ्यर्थियों की शुक्रवार को पुलिस लाइन में दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। पुलिस अधीक्षक ने नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक के साथ प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर जानकारी ली।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया का कार्य देख रहे कर्मियों से जानकारी ली। कहा कि जनपद में अभिलेख सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सब कुछ मानकों के अनुरूप होना चाहिए। यदि किसी के दस्तावेज आदि में कोई संदेह हो या अन्य कोई समस्या आए तो उच्चाधिकारियों को सूचना दें। अभ्यर्थियों से कहा कि आप लोगों ने यहां तक आने के लिए काफी मेहनत की है। इस प्रक्रिया को सही ढंग से संपन्न कराने में भी अपना सहयोग दें ताकि कार्य सही ढंग से संपादित हो।