कासगंज। गंजडुंडवारा गांव बहोरनपुर में मुर्गे के लेग पीस के विवाद में अज्ञात लोगों ने दुकानदार की पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने गल्ले में रखी नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
गनेशपुर निवासी शानू गांव बोहरनपुर के निकट मीट बेचता है। शनिवार को देर शाम दो लोग मीट लेने पहुंचे। पौन किलो मीट में मुर्गे के चार लेग पीस मांगने लगे। विक्रेता ने दो लेग पीस देने की बात कही। इस पर वे गाली-गलौज करने लगे। मौजूद लोगों ने मामला शांत कर दिया गया। इसके बाद वे शाम को अपने 13-14 साथियों के साथ फिर से दुकान पर पहुंच गए और दुकानदार की पिटाई कर दी। लोगों के आ जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। विक्रेता का अरोप है कि हमलावर गल्ले में रखे 30 से 35 हजार रुपये भी निकाल ले गए। सूचना पहुंची कोतवाली पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सक ने गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल भेजा। वहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।