डीएम कार्यालय पर ज्ञापन देते व्यापारी
आगरा। ताजगंज व्यापार मंडल ने मंगलवार को ताजमहल के 500 मीटर परिधि के वाहन पास बनाने के लिए कैंप लगाने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर जल्द फैसला लेने की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर ने बताया कि ताजमहल के 500 मीटर दायरे में रहने वाले व्यापारियों को आरटीओ के कर्मचारी परेशान करते हैं। नए पास लेने के लिए आरटीओ ऑफिस जाना पड़ता है और कर्मचारी आवेदन में मामूली कमियों के लिए कार्यालय के चक्कर लगवाते है। व्यापारियों की समस्याओं को कम करने के लिए आरटीओ थाना ताजगंज या शिल्पग्राम में कैंप लगाएं। उन्होंने पुराने मकानों में मरम्मत के कार्य के दौरान पुलिस व एएसआई कर्मियों के परेशान करने की समस्या से भी निजात दिलाने की मांग की। इस दौरान राकेश अग्रवाल, रणवीर सिंह राठौर, राकेश राठौर, राजीव कोहली, दिलीप राठौर, रवि माहौर व अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। संवाद