भावना एस्टेट के पास तैयार की जा रही पार्किंग, संवाद
आगरा। भावना एस्टेट में 6 से 10 अक्तूबर तक सजने वाली जनकपुरी का असर आसपास रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही पर भी पड़ेगा। जनकपुरी स्थल के आसपास के 18 अपार्टमेंट के लोग शाम 5 बजे के बाद अपने वाहन लेकर अपार्टमेंट में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। आयोजन के पांचों दिन यह व्यवस्था लागू रहेगी। भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए जनकपुरी स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही सीमित की जाएगी।
जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि अपार्टमेंट के निवासियों की परेशानी को देखते हुए सिकंदरा हाईवे के पास पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर हॉस्पिटल के पास बड़ी पार्किंग तैयार कराई जा रही है। लोग यहां अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। इसके साथ ही अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के लिए अलग से पास की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे वाहनों पर रोक के बावजूद उन्हें अपने घरों तक पहुंचने में परेशानी न हो।
7 अक्तूबर को जनकपुरी में सीताजी का डोला निकलेगा। इस दिन शाम 5 बजे के बाद डोला मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। डोला सुबह करीब 8 बजे गणपति किंग्स काउंटी से रवाना होगा। यहां से ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर गौरा पूजन होगा। इसके बाद डोला अमर विहार, उमा कुंज और रामनगर होते हुए जनक महल पहुंचेगा। जनक महल से डोला नील फ्लोरेंस, आर जगतराम आनंद, नालंदा होते हुए भावना एस्टेट पहुंचेगा। डोला वहीं विश्राम करेगा। डोला निकलने के दौरान मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
जनकपुरी महोत्सव के दौरान 6, 7, 8, 9 और 10 अक्तूबर को शाम 5 बजे के बाद आसपास के 18 अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के निजी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। यानी इन पांच दिनों में शाम के समय स्थानीय रहवासियों को भी आयोजन की यातायात व्यवस्था के अनुसार चलना होगा। समिति का कहना है कि लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग और वैकल्पिक पैदल रास्ते तैयार किए जा रहे हैं।