आगरा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी जयंती पर दहतोरा में शोभायात्रा और सभा का आयोजन किया गया। यात्रा का दहतोरा से कारगिल होते हुए बोदला अमरपुरा चौराहे पर समापन हुआ। शोभायात्रा में श्रीगणेश, राम, लक्ष्मण, सीता, झलकारी बाई, अवंतीबाई लोधी और चंद्रशेखर आजाद के स्वरूपों की झांकियां निकाली गईं।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई ने भारत की स्वाधीनता के लिए तानाशाही पूर्ण शासन के खिलाफ बड़ा संघर्ष किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया था। उनका यह अदम्य साहस हर भारतवासी के लिए प्रेरणा है। बदायूं में पीएसी की एक नई बटालियन की स्थापना की गई है, जिसका नाम वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखा गया है।
केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि महारानी अवंतीबाई लोधी ने अंग्रेजों के विरुद्ध संग्राम का शंखनाद किया। उन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण त्याग दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट हरप्रसाद लोधी और निहाल सिंह भोले और संचालन पूर्व पार्षद मोहन सिंह लोधी, अमित बघेल ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान, मेयर हेमलता दिवाकर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां, विजय शिवहरे, छोटेलाल वर्मा, घनश्याम लोधी, तेजेंद्र राजपूत, पार्षद वीरेंद्र लोधी, गजेंद्र सिंह लोधी आदि माैजूद रहे।