आगरा के वायु विहार में 5.15 करोड़ की लागत से नव निर्मित सड़क धंसने के मामले में आगरा विकास प्राधिकरण ने रविवार को ठेकेदार, कॉलोनाइजर, नगर निगम, जल निगम और जलकल विभाग को नोटिस जारी किए हैं। सीवर मैनहोल की लाइन में रिसाव से सड़क धंसी थी। सड़क की मरम्मत शुरू हो गई है।
सड़क धंसने से 8 फुट चौड़ा और 10 फुट गहरा गड्ढा हो गया था। जिसमें शनिवार को बालू से भरा ट्रक पलट गया। बाबू चौराहे के पास अंसल टाउन कॉलोनी है। जिसके लिए सीवर कनेक्शन सड़क पर बने 30 फीट गहरे मैनहोल में हुए थे। कनेक्शन के दौरान लाइन क्षतिग्रस्त होने से जमीन के अंदर रिसाव हो रहा था। मिट्टी गीली होने से दवाब के कारण सड़क धंस गई।
एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली के निर्देश पर अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप सिंह ने जांच और मरम्मत कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के वक्त नगर निगम, जलकल और जल निगम तीनों विभागों को पत्राचार कर सीवर लाइन की जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन दोनों विभाग लापरवाह बने रहे। उधर, अंसल टाउन के कॉलोनाइजर ने भी लापरवाही बरती। ठेकेदार फर्म मैसर्स भगवती बिल्डर्स को 5.15 करोड़ में सड़क निर्माण का ठेका मिला था। फर्म ने भी सड़क निर्माण के दौरान सीवर मैनहोल को लेकर लापरवाही बरती।
दागी फर्म को मिला करोड़ों का काम
एडीए ने दागी फर्म को 5.15 करोड़ रुपये का टेंडर थमा दिया। मैसर्स भगवती बिल्डर्स ने सड़क से पहले 2022 में मोक्षधाम में दीवार, पार्किंग व अन्य कार्य कराए थे। करीब 2 करोड़ की लागत से कार्य हुए थे। दो साल में ही यमुना किनारे मोक्षधाम की दीवार ढह गई। उसी फर्म को एडीए ने वायु विहार में सड़क निर्माण का ठेका दिया। सड़क के अलावा करीब 1.50 करोड़ रुपये डिवाइडर व सौंदर्यीकरण का ठेका मिला। डिवाइडर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।