आगरा के सदर स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से 31 जुलाई को रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुआ टेबल टेनिस का नेशनल खिलाड़ी वंश मुंबई में सकुशल मिल गया। पुलिस टीम उसे मुंबई से आगरा लेकर पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि हॉस्टल में उसकी अलमारी से सिगरेट मिलने पर क्षेत्रीय खेल अधिकारी (आरएसओ) ने डांट दिया था। इससे डर कर वह भाग गया था।
शाहगंज नगला छाैआ निवासी शैलेश के बेटे वंश के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों से सुराग मिला। वंश स्टेशन पर नजर आया था। इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे मार्ग में पड़ने वाले संभावित स्टेशनों और अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।