कासगंज। वंश चलाने के लिए ग्राम हिम्मतपुर सई में एक दंपत्ति ने बच्चे को गोद लिया। अभी उस बच्चे की किलकारियाें से घर का आंगन ठीक से गूंज भी नहीं पाया था कि निठुर नियति ने उसे भी छीन लिया। 27 दिन के दुधमुंह बच्चे की निमोनिया से रविवार को मौत के बाद जहां माता-पिता सदमे में हैं। वहीं ग्रामीण भी दंपत्ति का हाल देख अपनी आंखों से आसूंओं की धारा को नहीं रोक पा रहे हैं।
हिम्मतपुर सई निवासी मनोज के चार बेटियां है। लगातार बेटी होने पर मनोज व उसकी पत्नी शशि ने वंश चलाने के लिए पुत्र को गोद लेेने का निर्णय लिया। अपने इस निर्णय की जानकारी अपनी रिश्तेदारी में भी दी। जलेसर में रहने वाले उनके एक रिश्तेदार की मदद से दंपत्ति ने लगभग एक सप्ताह के बालक को गोद ले लिया और उसका पालन-पोषण शुरू कर दिया। दंपत्ति ने बालक का नामकरण संस्कार करने के बाद उसका नाम निहाल रखा। बालक को अचानक सर्दी, खांसी का असर हुआ तो परिजन उसे दिखाने के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने बालक को निमोनिया बताया। इलाज के बाद भी बालक की हालत में सुधार नहीं आया ओर उसकी मौत हो गई।