कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के मानपुर नगरिया में एक निजी अस्पताल पर तोड़फोड़ करते हुए संचालक उसके परिवार और अस्पताल स्टाफ की मारपीट कर दी। मामले में तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मानपुर नगरिया में एक निजी अस्पताल संचालक मूलचंद्र का आरोप है कि शुक्रवार रात लगभग पौने बारह बजे मोहल्ला सराय फकीर, बदांयू निवासी चंदन, रमन और शेखूपुर, बदांयू निवासी कैलाश उसके अस्पताल पर एक एक्सीडेंट पीड़ित का इलाज कराने आए। मूलचंद्र ने खाना खाने के बाद इलाज करने की बात कही तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मूलचंद्र और अस्पताल स्टाफ पर पत्थरबाजी की। घटना में मूलचंद्र, और उसके भाई त्रिमल को चोट आईं। थोड़ी देर बाद आरोपियों के अन्य साथी भी अस्पताल पहुंच गए।
सभी ने मारपीट और अस्पताल में तोड़फोड़ की। उसके परिवार और अस्पताल की महिला स्टाफ के साथ भी मारपीट और अभ्रदता की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी सोरोंजी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।