मैनपुरी। वन महोत्सव के तहत रविवार को 26.75 लाख पौधों से धरा का शृंगार किया गया। कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री और मंडलायुक्त अनिल कुमार ने पौधरोपण कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद जिले भर में अभियान चलाकर पौधे लगाए गए।
रविवार को आबकारी मंत्री ने वन महोत्सव के तहत ट्रांजिस्ट हॉस्टल और सेंट थॉमस के सामने सहकारिता विभाग की जमीन पर पौधे रोपित किए।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने की दिशा में काम करें। वृक्ष कार्बन डाई ऑक्साइड को वातावरण से समाप्त कर जीवनदायी ऑक्सीजन देने का काम करते हैं। सुबह चार बजे जो वायु बहती है उसे ही प्राणवायु कहते हैं। जो फेफड़े, स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है। हमारा अस्तित्व, जीवन की गुणवत्ता स्वस्थ प्राकृतिक पर्यावरण पर निर्भर है।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, सीडीओ ईशा प्रिया, एडीएम बी. राम, एएसपी मधुबन कुमार सिंह, एसडीएम सदर रजनीकांत, एसडीएम करहल रतन वर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण अनिल कुमार, अरविंद तोमर, विशंभर तिवारी मौजूद रहे।
हर विद्यालय में कराया जाए पौधरोपण
रविवार को वन महोत्सव के तहत उद्धमपुर नरैनी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में मंडलायुक्त अनिल कुमार ने पौधे रोपित किए। उन्होंने कहा कि जहां भी उचित, पर्याप्त स्थान हो वहां बड़ी संख्या में पौधे रोपित करें। हर विद्यालय में पौधे रोपित किए जाएं। सीएमओ एके पांडेय, पीडी एससी मिश्र, सुधीर कुमार, रतन वर्मा, सीओ अभय नरायन राय, प्रियांक जैन, डीपीआरओ स्वामीदीन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अनिल कुमार, कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार मौजूद रहे।