फतेहाबाद। आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर कछपुरा के पास शनिवार शाम कार और ईको वैन की आमने-सामने की टक्कर में बच्चों से भरी वैन पलट गई। हादसे में एक बाइक सवार भी चपेट में आ गया। गनीमत रही कि ईको में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया।
पुलिस के मुताबिक फतेहाबाद से आगरा की ओर जा रही कार को समीर वर्मा निवासी जारुआ कटरा, थाना मलपुरा चला रहे थे। सामने से आगरा की ओर से फतेहाबाद आ रही वैन से कार की टक्कर हो गई। इसी दौरान वैन चालक ने कार बचाने का प्रयास किया, लेकिन बगल से गुजर रही एक बाइक भी उसकी चपेट में आ गई। बाइक चालक कल्याण सिंह निवासी लखनपुरा, थाना डौकी था। टक्कर के बाद वैन पलट गई, जिससे उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर थाना डौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।