मारुति वर्क शॉप में लगी आग को बुझाते फायर बिग्रेड कर्मी
फतेहाबाद। कस्बे के अवंती चौक स्थित कार वर्कशॉप में रविवार को वेल्डिंग के दौरान वैन में आग लग गई। लपटें देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोग सहम उठे। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वैन जल चुकी थी। आग बुझाने के दौरान वर्कशॉप संचालक भी झुलस गया।
कस्बे के पथवारी मोहल्ला निवासी आमिर का अवंती चौक पर वर्कशॉप है। रविवार को दिन में करीब 11:40 बजे वैन में वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था, तभी वैन में आग लग गई। गैराज में मौजूद कर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें बेकाबू हो गईं। इस पर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इस बीच आग बुझाने के प्रयास में वर्कशॉप संचालक आमिर भी झुलस गए। वैन में सीएनजी सिलिंडर लगा था। वर्कशॉप में खड़ी अन्य कई गाड़ियों में भी सीएनजी व एलपीजी सिलिंडर लगे थे। इससे आसपास के घरों और दुकानों में दहशत फैल गई और लोग बाहर निकल आए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
वर्कशॉप में नहीं थे आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम
अवंती चौक और शमसाबाद रोड पर करीब 12 गैस वेल्डिंग की दुकानें और वर्कशॉप संचालित हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। इस संबंध में फायर सर्विस के सेकंड ऑफिसर विनय कुमार ने बताया कि गैस वेल्डिंग की दुकानों और वर्कशॉप के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।
मारुति वर्क शॉप में लगी आग को बुझाते फायर बिग्रेड कर्मी