दीवानी में प्रदर्शन करते अधिवक्ता
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। दीवानी के वकील बुधवार को कार्य बहिष्कार करेंगे। वकीलों का प्रतिनिधि मंडल एसपी से मिलेगा। ज्ञापन देकर कलक्ट्रेट के वकील एमपी सिंह के खिलाफ दर्ज कराई गई हत्या की रिपोर्ट के संबंध में निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेंगे।
मंगलवार को मैनपुरी बार एसोसिएशन की बैठक बार एसोसिएशन के सभागार में एसोसिएशन केे अध्यक्ष अजय कृष्ण पांडेय की अध्यक्षता में हुई। अध्यक्ष ने बैठक में कहा कि वकील एमपी सिंह को एक हत्या के मामले में झूठा फंसाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच किए बिना ही वकील और उसकी पत्नी को हत्या जैसे मामले में जेल भी भेज दिया। हत्या के मामले में जेल जाने से वकील और उनके परिवार की समाज में छवि धूमिल हुई है।
पुलिस की कार्यशैली से वकीलों में आक्रोश है। बैठक में निर्णय लिया गया हत्या के मामले में वकील को झूठा फंसाने के विरोध में दीवानी के वकील बुधवार को कार्य बहिष्कार करेंगे। वकीलों का प्रतिनिधि मंडल एसपी को ज्ञापन देकर हत्या जैसे गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेगा। बैठक के बाद वकीलों ने सभाकक्ष के बाहर पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर सचिव ब्रजेंद सिंह यादव, विश्व विमोहन राजपूत, सौरभ यादव, संजय चौहान, हृदय चतुर्वेदी, विपिन चतुर्वेदी, प्रवीन कुमार यादव, अजीतकांत मिश्रा, अशोक बाजपेयी, विपुल यादव, मकेश बाबू शर्मा मौजूद रहे।