कासगंज में फ्रंटलाइन वर्कर्स के कोरोना वैक्सीनेशन अभियान का निरीक्षण करते सीएमओ
- फोटो : KASGANJ
स्वास्थ्यकर्मियों के बाद अब फ्रंट लाइन वर्कर्स के लिए कोरोना की टीका लगाने के लिए अभियान का शुभारंभ हो गया है। अभियान के पहले दिन 247 कर्मियों का टीकाकरण किया गया। जिले में 381 फ्रंट लाइन वर्कर्स के लिए टीकाकरण के लिए शुक्रवार को जिला अस्पताल, स्वास्थ्यकेंद्र अशोक नगर, सहावर एवं पटियाली के केंद्रों पर बुलाया गया। इनमें से 247 वर्कर्स टीकाकरण के लिए केंद्रों पर पहुंचे।
टीकाकरण के बाद इन कर्मियों को 30 मिनट तक चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया। किसी भी वर्कर्स ने किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई। टीकाकरण के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अंजुश सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोकनगर पहुंचकर व्यवस्थाओं को जायजा लिया।
सभी जगह व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गई। सहावर में लेखपाल मुहम्मद जावेद ने सबसे पहले टीका लगवाया। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश, सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आकाश सिंह, यूनीसेफ बीएमसी मोहम्मद रिजवान व लईक अहमद डब्ल्यूएचओ शकील हुसैन आदि मौजूद रहे।