उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने आगरा के विकास और उद्योगों के भविष्य को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि हम ताजमहल के नाम पर उद्योगों को समाप्त नहीं कर सकते। हमें धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर ज्यादा ध्यान देना होगा।
उन्होंने कहा कि यमुना किनारे बड़े स्तर पर हर रोज आरती होनी चाहिए, जिससे पर्यटक आकर्षित हो सकें। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वो रविवार को होटल क्लार्क शिराज में नेशनल चैंबर आफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अपने विचार व्यक्त कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि एक कमेटी बनाई जाए, जोकि हर महीने बैठक कर शहर के विकास पर विचार करे। इसमें मुझे भी बुलाएं। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी तरह से अपना आगरा अच्छा होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने अपनी तरफ से हर संभव सहायता का भी आश्वासन दिया।